Giridih: गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र स्थित हरकटवा नाला से बरामद नवविवाहिता के सड़े-गले शव मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
12 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
डुमरी एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि 5 जुलाई को हरकटवा नाला से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मामले में पीरटांड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आबीद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति मुनालाल किस्कू को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी के चरित्र पर करता था शक
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका विवाह 9 मार्च 2026 को प्रेम प्रसंग के बाद हुआ था। शादी के बाद से उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन पत्नी के मोबाइल पर एक अन्य युवक का फोन आया, जिससे वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और शव को छिपाने की नीयत से हरकटवा नाला में फेंक दिया। घटना के बाद वह सामान्य तरीके से घर लौट गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
चप्पल और मोबाइल बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या के वास्तविक घटनास्थल की पहचान की। घटनास्थल के पास झाड़ियों से मृतका की गुलाबी रंग की चप्पल बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का क्रीम रंग का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।