Ghatsila News: पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय (राजबाड़ी) के खंडहर भवन में छापेमारी कर 1.81 किलोग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया।
खंडहर भवन में चल रहा था नशीले पदार्थों का कारोबार
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय के खंडहर भवन के एक कमरे में कुछ लोग गांजा और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस निरीक्षक सह घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापेमारी की और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान नशीले पदार्थों के अलावा कई अन्य सामान भी बरामद किए गए।
तीनों आरोपियों की हुई पहचान, बाइक, कार और 7 मोबाइल भी जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश सिंह, तुषार सीट और लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है। दिनेश सिंह राजस्टेट और तुषार सीट धोबीपाड़ा, घाटशिला के रहने वाले हैं, जबकि लखन चंद्र सोरेन मुसाबनी थाना क्षेत्र के पाथरगोड़ा का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.81 किलोग्राम गांजा, 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर, एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक Hyundai i10 कार और विभिन्न कंपनियों के 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले में घाटशिला थाना में NDPS Act और BNS की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई और खरीद-बिक्री के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई में घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, पु०अ०नि० रजनीश आनंद, स०अ०नि० आलोक कुमार समेत घाटशिला थाना रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।