Garwha: गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के पचाडुमर गांव के पास सावन की दूसरी सोमवारी को सोन नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में जल भरने गई तीन बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। ग्रामीणों ने एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि जूली कुमारी और खुशबू कुमारी तेज बहाव में बह गईं। काफी खोजबीन के बाद जूली का शव बरामद कर लिया गया, जबकि खुशबू की तलाश अब भी जारी है।
रेत से खेलते-खेलते गहरे पानी में पहुंचीं
बताया गया कि तीनों बच्चियां सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर सोन नदी में जल भरने गई थीं। नदी किनारे वे रेत से रेल बनाने लगीं। इसी दौरान खेलते-खेलते तीनों गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और एक बच्ची को बाहर निकाल लिया। हालांकि, जूली और खुशबू तेज धार की चपेट में आकर बह गईं।
10 किलोमीटर दूर मिला जूली का शव
हादसे की सूचना मिलते ही केतार थाना पुलिस और ग्रामीणों ने सोन नदी में तलाश शुरू कर दी। घंटों की मशक्कत के बाद जूली कुमारी का शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर कांडी थाना क्षेत्र के श्रीनगर के पास नदी किनारे बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खुशबू की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी
दूसरी लापता बच्ची खुशबू कुमारी की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है। नदी के अलग-अलग घाटों और संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। परिजन भी लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं। परिवार ने प्रशासन से अभियान को तेज करने के साथ विशेषज्ञ गोताखोरों और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
JMM नेता ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद JMM नेता दीपक प्रताप देव केतार पहुंचे और जूली के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से खुशबू की तलाश के लिए विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम लगाने और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की अपील की। फिलहाल सोन नदी में लापता बच्ची की तलाश जारी है।