Dumka: दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के हाड़ोरायडीह डोम टोला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय गोमे हांसदा के रूप में हुई है, जिनका शव उनके ही घर के आंगन से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया, वहीं पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
हत्या की आशंका, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
प्रथम दृष्टया पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रही है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर दो महिलाओं को पूछताछ के लिए थाना लाया है और उनसे घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
घटना से पहले शराब पीने की बात, रिपोर्ट का इंतजार
स्थानीय जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग घटना से एक दिन पहले अपनी साली के घर गए थे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया था। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मौत शनिवार को ही हो गई थी, लेकिन इसकी जानकारी गांव में देर से सामने आई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, तब तक मामले की जांच जारी है।