Dhanbad News: झारखंड के धनबाद स्थित कोयला नगरी केंदुआ में एक बार फिर सड़क धंसने की घटना सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क अचानक करीब दो फीट तक धंस गई। यह घटना पुराने महाप्रबंधक आवास के पास हुई, जहां पहले भी जहरीली गैस के रिसाव की समस्या हो रही थी। सड़क धंसने के बाद प्रशासन ने तुरंत इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया।
आवागमन रोका गया, वैकल्पिक मार्ग से भेजे जा रहे वाहन
सड़क धंसने के बाद पुलिस ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है और लोगों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है। वाहनों को केंदुआ पुल से पुराना थाना मोड़ होते हुए धनबाद की ओर भेजा जा रहा है। केंदुआडीह थाना की पुलिस आसपास के लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कह रही है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
जमीन में बढ़ती दरारें, लोगों में दहशत का माहौल
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार शाम से ही सड़क धंसने के संकेत मिलने लगे थे, लेकिन इसका असर बुधवार सुबह ज्यादा स्पष्ट दिखाई दिया। सड़क के साथ-साथ आसपास की जमीन में भी दरारें पड़ने लगी हैं, जो लगातार फैल रही हैं। इससे इलाके में भय का माहौल है और लोगों को अपने घरों के जमींदोज होने का खतरा सता रहा है।
गैस रिसाव के बीच जारी राहत कार्य, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में पुलिस के साथ CISF को भी तैनात किया गया है और बीसीसीएल द्वारा घेराबंदी की जा रही है। जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को भी यहां दुकानों में दरारें पड़ी थीं, जिसके बाद मिट्टी भराई का काम कराया गया था। इससे पहले दिसंबर 2025 में यहां कार्बन मोनोऑक्साइड गैस रिसाव से कई लोगों की जान चली गई थी। तब से अब तक जमीन के अंदर नाइट्रोजन गैस भरकर रिसाव रोकने की कोशिश लगातार जारी है।