Dhanbad Crime News: धनबाद पुलिस ने बाइक चोरी की लगातार घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. निरसा अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 13 बाइक और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं.
मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी. इसी क्रम में कालूबथान ओपी क्षेत्र में बाइक चोरी की घटना के बाद विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नयाडांगा काली मंदिर मैदान के पास कुछ लोग चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं. सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार चौहान, मनीष कुमार दुबे, सूरज हेम्ब्रम, चंदन कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है. सभी निरसा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
नंबर बदलकर बेच देते थे चोरी की बाइक
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. चोरी के बाद बाइक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देते थे और चेचिस नंबर मिटाने के साथ वाहन का रंग भी बदल देते थे.
इसके बाद इन बाइकों को दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई 13 बाइक बरामद की है.
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. इनके खिलाफ धनबाद समेत पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में बाइक चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और चोरी की बाकी बाइकों की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है.