Current News : महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यशवाड़ी गांव स्थित एक हनुमान मंदिर के सभा मंडप (हॉल) की छत अचानक ढह जाने से चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के समय मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
निर्माणाधीन हिस्से में हुआ हादसा, हादसे के कारणों की होगी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर के निर्माणाधीन सभा मंडप का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। छत गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल परभणी जिला अस्पताल और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।
प्रशासन ने बताया कि मलबा हटाने का काम तुरंत शुरू कर दिया गया और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।