Current News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह देश के स्पेस सेक्टर से जुड़े स्टार्टअप्स के सीईओ और फाउंडर्स के साथ मुलाकात की। करीब 10 बजे हुई इस बैठक में भारत के तेजी से विकसित हो रहे निजी अंतरिक्ष क्षेत्र, नई तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान स्पेस टेक्नोलॉजी, नए इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषय प्रमुख रहे। पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स के लिए खोलने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। इसका असर देश के स्पेस इकोसिस्टम में भी दिखाई दे रहा है।
सैटेलाइट से रॉकेट तक काम कर रहे स्टार्टअप्स
भारत में अब कई नए स्टार्टअप सैटेलाइट, रॉकेट, स्पेस डेटा और आधुनिक अंतरिक्ष तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इन कंपनियों के संस्थापकों और प्रमुखों की ऊर्जा व महत्वाकांक्षा की सराहना की। बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने भारत के प्रतिभाशाली स्पेस स्टार्टअप्स से मुलाकात का जिक्र करते हुए उनकी ऊर्जा और भविष्य को लेकर उत्साह की प्रशंसा की।
लोगों से भी मांगी अंतरिक्ष यात्रा पर राय
प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से भारत की अंतरिक्ष यात्रा और इस क्षेत्र में हो रहे बदलावों को लेकर अपनी राय साझा करने का भी आग्रह किया। सरकार लगातार देश के निजी स्पेस इकोसिस्टम को मजबूत करने और इसमें नए निवेश व तकनीकी विकास को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। बता दें कि पीएम मोदी ने शुक्रवार को भी करीब 20 स्पेस स्टार्टअप्स के सीईओ और फाउंडर्स से मुलाकात कर अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी।