Bokaro News : सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने एक जटिल शल्यक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 52 वर्षीय महिला के गर्भाशय से 5.5 किलोग्राम वजनी विशाल यूटराइन फाइब्रॉइड निकालने में सफलता हासिल की है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रही हैं।
चास के भारा बस्ती निवासी महिला लंबे समय से गर्भाशय में बड़े फाइब्रॉइड की समस्या से पीड़ित थीं। लगातार परेशानी बढ़ने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद डॉक्टरों ने एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय निकालने की सर्जरी) करने का निर्णय लिया।
यह जटिल ऑपरेशन स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा के नेतृत्व में किया गया। सर्जरी में डॉ. पंकज सिन्हा और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सौरभ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉक्टरों की टीम के समन्वित प्रयास से ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
बिना किसी बड़ी जटिलता के सफल रही सर्जरी, मरीज की हालत स्थिर
डॉ. रश्मि मेधा ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान लगभग 5.5 किलोग्राम वजनी यूटराइन फाइब्रॉइड को सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया। पूरी सर्जरी के दौरान किसी प्रकार की गंभीर जटिलता सामने नहीं आई। फिलहाल मरीज अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनकी स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। अस्पताल प्रबंधन ने इसे सदर अस्पताल की चिकित्सा टीम की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।