Bokaro News: बोकारो पुलिस के बेड़े में 78 नई बोलेरो गाडियां शामिल की गई हैं, जिससे अब जिले में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया जा सकेगा. इनमें से 39 गाड़ियों को पुलिस लाइन में बाकायदा पूजा-अर्चना करने के बाद हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग थानों के लिए रवाना कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन नई गाड़ियों के आने से आपात स्थिति में पुलिस अब किसी भी जगह और भी कम समय में पहुँच सकेगी, जिससे आम लोगों को तुरंत मदद मिलने में आसानी होगी.
पेट्रोलिंग और रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने पर जोर है
कार्यक्रम में उत्तरी छोटानागपुर के आईजी शैलेंद्र सिन्हा, बोकारो डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना शामिल रहे. आईजी ने कहा कि नए वाहनों से पुलिस की पेट्रोलिंग और रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होगा. डीसी के अनुसार, ये वाहन अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण बरकरार रखने में मदद करेंगे.

कुल 78 वाहनों से पुलिसिंग मजबूत होगी
एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि बोकारो को कुल 78 नए बोलेरो मिले हैं. इनमें से 39 वाहन अलग-अलग थानों में भेजे गए हैं, जबकि बाकी वाहन भी पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे. नए वाहनों से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच में सुधार होगा.
वाहनों पर “Dial-112” लिखा है
नए बोलेरो वाहनों पर "Dial-112" लिखा है. इसका उद्देश्य लोगों को आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी देना है. अधिकारियों का मानना है कि जो लोग किसी कारण थाने तक नहीं पहुंच पाते, वे आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस की मदद ले सकते हैं. नई गाड़ियों के जरिए पुलिस की गश्त और तेजी से कार्रवाई के लिए प्रयास किया जा रहा है.