Bokaro News: बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी एक दिवसीय हड़ताल का असर बोकारो में भी देखने को मिला. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. हड़ताल के कारण कई बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा, जिससे ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
बैंक कर्मचारी संघ के डीजीएस राघव कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की कई मांगों को लेकर यह हड़ताल की गई है. इनमें बैंकों में एलआईसी और जीआईसी की तर्ज पर पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना प्रमुख मांगों में शामिल है.
पुरानी पेंशन और कर्मचारियों की कमी दूर करने की मांग
बैंक कर्मचारियों की मांग है कि वर्ष 2010 के बाद बैंकिंग सेवा में शामिल कर्मियों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए. इसके अलावा बैंकों में कर्मचारियों की कमी दूर करने की भी मांग की गई है.
नई इंसेंटिव स्कीम में बदलाव की मांग भी कर्मचारी संगठनों की ओर से की गई है. कर्मचारी नेताओं का कहना है कि इंसेंटिव स्कीम अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू होनी चाहिए.
26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी.
गौरतलब है कि 11 सितंबर को देशभर के बैंक कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल पर हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले आयोजित इस हड़ताल में करीब 8 लाख बैंक कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है.