BREAKING: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो ईंट भट्टा के समीप शनिवार दोपहर नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक की पहचान मानगो आजाद बस्ती निवासी 19 वर्षीय सेख सलमान हुसैन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहब्बत सलमान अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
स्थानीय लोगों ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू कर दी। वहीं सूचना पाकर कपाली ओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और खोजबीन अभियान शुरू कराया गया। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी में खोजबीन की गई। काफी प्रयास के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।
नहाने के दौरान हादसे की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक घटना से पहले अपने दोस्तों के साथ नदी में नहा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना को लेकर इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।