Jamshedpur/Adityapur Flood Alert: लगातार बारिश के बीच ओडिशा के ब्यांगबिल डैम के तीन फाटक खोल दिए गए हैं. इसके बाद जमशेदपुर और आदित्यपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. जिला प्रशासन, मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति हाई अलर्ट पर हैं.
प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में लगातार माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है. लोगों से अपील की जा रही है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, क्योंकि देर रात 2 बजे से 3 बजे के बीच नदियों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है.
निचले इलाकों को खाली करने की अपील
खरकई और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों से घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है. सबसे ज्यादा सतर्कता मानगो, आदित्यपुर, राम बढ़िया बस्ती, भाटिया बस्ती, हरिओम नगर, राधा स्वामी क्षेत्र और अन्य तटीय बस्तियों में बरती जा रही है.
प्रशासन ने शुरू कराई माइकिंग
सरकारी टीमों की ओर से प्रभावित इलाकों में लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है. लोगों से कहा जा रहा है कि रात के समय नदी किनारे न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. राहत एवं बचाव दल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके.
नागरिकों के लिए जरूरी अपील
- निचले इलाकों में रहने वाले लोग तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.
- रात 2 से 3 बजे के बीच नदी किनारे जाने से बचें.
- बिजली के खुले तार और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें.
- किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय के निर्देशों का पालन करें.