BJP Leader Shot Dead: भागलपुर के कुतुबगंज इलाके में शुक्रवार को बीजेपी नेता उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बबरगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने उन्हें दिनदहाड़े गोली मारी. गोली उनके सिर में लगी. घटना के बाद स्थानीय लोग और परिजन उन्हें मायागंज अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की चर्चा
शुरुआती जानकारी में काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि चंदा लेने के दौरान कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी. हालांकि, पुलिस अभी इसे हत्या की पक्की वजह नहीं मान रही है. पुरानी रंजिश समेत दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
मंडल अध्यक्ष थे उमा भूषण तांती
उमा भूषण तांती बीजेपी में मंडल अध्यक्ष के पद पर थे. उनकी हत्या के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा है. दिनदहाड़े हुई वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय बीजेपी विधायक रोहित पांडेय और सिटी एसडीपीओ अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है. इससे हमलावरों की पहचान करने की कोशिश हो रही है. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले में पुलिस की जांच जारी है.