Jamshedpur News: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित "संसद रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है. नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान मिला. उपलब्धि पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने खुशी जताते हुए इसे सांसद, पार्टी कार्यकर्ताओं और जमशेदपुरवासियों के लिए गौरव का विषय बताया.
लगातार पांचवीं बार मिला सम्मान
सांसद विद्युत वरण महतो को यह सम्मान उनके संसदीय प्रदर्शन के लिए दिया गया है. सम्मान मिलने के बाद भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने उन्हें बधाई दी. संजीव सिन्हा ने कहा कि लगातार पांचवीं बार संसद रत्न पुरस्कार मिलना जमशेदपुर के लिए गर्व की बात है. उनके मुताबिक सांसद ने अपने संसदीय कार्यकाल में क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को संसद में लगातार उठाया है.
विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि विद्युत वरण महतो ने जमशेदपुर और झारखंड से जुड़े कई विषयों को संसद में प्रमुखता से रखा है. इनमें सड़क, रेल, रोजगार, उद्योग, आधारभूत ढांचा और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. उन्होंने सांसद की संसदीय भागीदारी और जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रियता को इस सम्मान से जोड़ा. संजीव सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि सांसद के प्रयासों के साथ जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का भी परिणाम है.
मीडिया प्रभारी ने भी दी बधाई
भाजपा जमशेदपुर महानगर के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने भी सांसद को सम्मान मिलने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि संसद में जनहित के सवाल उठाने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावी भागीदारी के कारण विद्युत वरण महतो ने अपनी अलग पहचान बनाई है. प्रेम झा के मुताबिक लगातार पांचवीं बार संसद रत्न पुरस्कार मिलना जमशेदपुर के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने इसे सांसद की संसदीय सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़ते हुए बधाई दी.
2010 में शुरू हुआ था पुरस्कार
"संसद रत्न पुरस्कार” की शुरुआत वर्ष 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन और ई-मैगजीन "प्रीसेंस” की ओर से की गई थी. यह पहल पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर शुरू हुई थी. इस पुरस्कार का उद्देश्य संसद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सांसदों को उनके संसदीय योगदान और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए सम्मानित करना है. इस वर्ष 10 लोकसभा सांसदों, 2 राज्यसभा सांसदों और 4 संसदीय स्थायी समितियों को सम्मान दिए जाने की जानकारी दी गई है.