BJP Jharkhand: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रेस वार्ता हुई. इसमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अभियान के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा दुनिया को सदियों से गाइड कर रही है और संत रविदास का जीवन इसी विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता, सेवा और मानवता का संदेश दिया. उनके सिद्धांत आज भी समाज को जोड़ने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं. इसी उद्देश्य से उनकी 650वीं जयंती पर देश भर में कार्यक्रम होंगे, ताकि नई पीढ़ी भी उनके जीवन दर्शन से परिचित हो सके.
29 जुलाई से शुरू होगा राष्ट्रीय अभियान
यह अभियान 29 जुलाई से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगा. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के विचारों का प्रचार करेंगे. अभियान की शुरुआत गुरु पूर्णिमा के दिन होगी. इस दिन विभिन्न धार्मिक स्थलों पर “समरसता दीप” जलाकर सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश दिया जाएगा.
वाराणसी से लाई जाएगी पवित्र मिट्टी
एक और कार्यक्रम “कलश बंधन अभियान” होगा. इसमें वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से पवित्र मिट्टी लाई जाएगी, जिसे जिला और मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा. इससे संत रविदास की आध्यात्मिक विरासत को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह कार्यक्रम जयंती मनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर चल रहा है और झारखंड में भी बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेंगे.
उन्होंने विश्वास जताया कि संत गुरु रविदास के विचार समाज में सद्भाव, समरसता और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.