Adityapur News: शनिवार को आदित्यपुर रोड नंबर-32 स्थित कार्यालय में अधिवक्ता संघ की बैठक अध्यक्ष अधिवक्ता डी.एन. ओझा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।इस बैठक में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी गई और राज्य में जल्द अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि वकीलों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए यह कानून जरूरी है।
पटेल चौक पर जाम और अव्यवस्था पर जताई चिंता
बैठक में आदित्यपुर-कांड्रा सड़क की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि पटेल चौक के पास अव्यवस्थित ढंग से खड़े टेंपो के कारण रोज जाम और विवाद की स्थिति बन जाती है। संघ ने सड़क के सर्विस लेन और फुटपाथ को चलने योग्य बनाने की मांग करते हुए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।
पेयजल संकट को लेकर जिंदल प्रबंधन पर बरसे अधिवक्ता
अधिवक्ताओं ने पेयजल व्यवस्था को लेकर जिंदल प्रबंधन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीतारामपुर 30 MLD वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार होने के बावजूद अब तक केवल 4 से 5 हजार घरों को ही जल कनेक्शन मिल पाया है, जबकि 20 से 22 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलना चाहिए। बिना सूचना जलापूर्ति बाधित करने और शिकायतों पर जवाब नहीं मिलने को लेकर भी असंतोष जताया गया।
लापरवाही पर कार्रवाई की मांग, कई अधिवक्ता रहे मौजूद
बैठक में विशेष रूप से जिंदल के मैनेजर पीयूष सिन्हा के कथित गैर जिम्मेदाराना रवैये की आलोचना करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। संघ ने उपायुक्त, मेयर और नगर निगम प्रशासन से जिंदल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की। बैठक में मुख्य संरक्षक ओम प्रकाश, अरुण कुमार सिंह, रंजना मिश्रा, मनोज दुबे, निशांत कुमार, रविशंकर पासवान समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।