Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में मतदान के दौरान सेंट्रल पब्लिक स्कूल स्थित बूथ पर अचानक हंगामे की स्थिति बन गई. मतदान प्रक्रिया के बीच एक स्थानीय पत्रकार को कथित तौर पर एक प्रत्याशी और उनके समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार बूथ संख्या 124 पर तैनात बीएलओ सत्यम भारद्वाज के पास मतदाता पर्ची और मतदाता सूची के मिलान में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई. कई मतदाताओं को सूची में नाम नहीं मिलने के कारण मतदान किए बिना लौटना पड़ा. इस दौरान कुछ मतदाताओं ने स्थानीय पत्रकार और बीएलओ पर मतदान प्रभावित करने का आरोप भी लगाया.
स्थिति को गंभीर देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ को तत्काल प्रभाव से बूथ से हटाने का निर्देश दिया. आरोप है कि हटाए जाने के बाद बीएलओ मतदाता सूची अपने साथ ले गए, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक मतदान प्रक्रिया बाधित रही.
बाद में वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दूसरे बूथ से मतदाता सूची मंगाई गई और मतदान दोबारा शुरू कराया गया. इसी बीच आरोप है कि प्रत्याशी बॉबी सिंह अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के भीतर पहुंचे और एक अन्य प्रत्याशी के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगाते हुए पत्रकार के खिलाफ विरोध जताया.
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने त्वरित हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया. अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की. उन्होंने मतदान केंद्र के आसपास किसी भी प्रकार का हंगामा या अव्यवस्था न करने की सख्त चेतावनी दी.