Jharkhand Weather Update: झारखंड में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. रांची समेत राज्य के कई जिलों में भीषण ठंड और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखाई देगा. बादल छंटते ही बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है.
भीषण ठंड और शीतलहर की वजह से स्कूल बंद
भीषण ठंड और शीतलहर की चेतावनी के बाद रांची जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाओं में पांच और छह जनवरी को पढ़ाई नहीं होगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. हालांकि पहले से निर्धारित परीक्षाएं विद्यालय अपने विवेक से आयोजित कर सकते हैं. वहीं 10वीं और 12वीं कक्षा के संचालन को लेकर भी स्कूलों को अपने स्तर पर निर्णय लेने की छूट दी गई है.
प्रशासन के अनुसार सरकारी स्कूल 5 जनवरी तक बंद रहेंगे. छह जनवरी को शिक्षक विद्यालय पहुंचकर ईवीवी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करेंगे और गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे. जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और जरूरी सतर्कता बरतें.
झारखंड में अगले आदेश तक भीषण ठंड और शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से जारी विशेष बुलेटिन में पूरे झारखंड में अगले आदेश तक भीषण ठंड और शीतलहर की चेतावनी दी गई है. इसी के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है. रविवार को रांची जिले के मैकलुस्कीगंज और कांके क्षेत्र में ठंड का असर साफ नजर आया. मैकलुस्कीगंज में शनिवार की तुलना में रविवार को अधिक ठंड महसूस की गई. बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री गिरकर 5 डिग्री पर पहुंच गया. दिनभर चली सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी रही. अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया. सुबह हल्का कोहरा छाए रहने से दृश्यता भी प्रभावित हुई. ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते और गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए.
लोग घरों में दुबकने को मजबूर
शाम होते ही इलाके में सर्दी का असर और बढ़ गया, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर दिखे. वहीं कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 8.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 6.4 डिग्री था. अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यहां हवा 1.1 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली. बीएयू के वैज्ञानिक रमेश कुमार के अनुसार क्षेत्र में शीतलहर का प्रभाव फिलहाल बना रह सकता है.
ठंड ने प्रशासन और आम लोगों दोनों की चिंता बढ़ाई
झारखंड में लगातार बढ़ती ठंड ने प्रशासन और आम लोगों दोनों की चिंता बढ़ा दी है. स्कूल बंद करने का फैसला एहतियात के तौर पर जरूरी कदम माना जा रहा है. आने वाले दिनों में मौसम के रुख पर ही यह तय होगा कि ठंड से राहत कब मिलेगी और जनजीवन कब सामान्य हो पाएगा.