Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती निवासी रवि कुमार की चलती कार में उस वक्त अचानक आग लग गई, जब वाहन सवार लोग पिकनिक मनाकर लौट रहे थे. कार का नंबर जेएच05सीएच-2014 बताया जा रहा है. अचानक आग की लपटें उठते ही कार में बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कार सवार सभी लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. कुछ ही पलों में आग ने कार के अगले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आगे का पूरा पोर्शन जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.
मौके पर टाटा मोटर्स की दमकल गाड़ियां पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था.
रवि कुमार ने बताया कि उनके भाई और परिवार के अन्य सदस्य पिकनिक मनाने के लिए नरवा गए थे. लौटने के दौरान अचानक चलते वाहन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कार में आग लग गई. सौभाग्य से समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए.
फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.