Ramgarh: रामगढ़ जिले के बाजार टांड़ क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में कॉलेज की एक छात्रा की जान चली गई। कोठार गांव की रहने वाली 20 वर्षीय नेहा कुमारी टेंपो से भुरकुंडा स्थित जीएम कॉलेज परीक्षा देने जा रही थी। जैसे ही टेंपो बाजार टांड़ के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गया।
हादसे में नेहा की मौत
हादसे में नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार करते हुए शव को अस्पताल से वापस दुर्घटना स्थल पर ले जाकर सड़क पर रख दिया और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना से इलाके में शोक और तनाव का माहौल
सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। इस घटना से इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।
पुलिस की जांच जारी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसा टेंपो चालक की लापरवाही और वाहन की खराब स्थिति के कारण हुआ। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।