Hazaribagh: हजारीबाग पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों को फंसाकर यूपीआई के माध्यम से छोटी रकम वसूलने और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
किस आधार पर हुई कार्रवाई जानें
यह कार्रवाई प्रतिबिंब ऐप पर दर्ज शिकायत और पुलिस की तकनीकी शाखा से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर की गई। विष्णुगढ़ के एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि गिरोह विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के भेलवारा इलाके के आसपास सक्रिय था। आरोपी इंटरनेट पर फर्जी वेबसाइट बनाकर एस्कॉर्ट सर्विस के विज्ञापन डालते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति संपर्क करता, उससे पहले 500 से 1000 रुपये तक की राशि ट्रांसफर करवाई जाती थी। इसके बाद कॉल रिकॉर्डिंग और फोटो का डर दिखाकर पीड़ितों से और पैसे ऐंठे जाते थे।
छह लोग संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त
तकनीकी जांच के दौरान जिन मोबाइल नंबरों से ठगी की जा रही थी, उनकी लोकेशन लगातार इसी इलाके में पाई गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। देर रात करीब एक बजे टीम ने विष्णुगढ़–हजारीबाग रोड पर इंटर कॉलेज के पास एक कार को रोका। कार में सवार सभी छह लोग संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
आरोपी के पास से बरामद सामान
पूछताछ में यह साफ हो गया कि सभी आरोपी साइबर ठगी के इसी नेटवर्क का हिस्सा हैं। पुलिस ने इनके पास से एक कार, 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 10 डेबिट कार्ड समेत कई अहम डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों व पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।