Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-02

Jharkhand Weather Update: नए साल के पहले दिन झारखंड में ठंड और कोहरे का असर, तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार

Jharkhand Weather Update: नए साल की शुरुआत झारखंड में मौसम के मिले जुले मिजाज के साथ हुई. राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर महसूस किया गया. दिन में धूप जरूर निकली, लेकिन चलती ठंडी हवा ने ठिठुरन बनाए रखी. वहीं पलामू, कोल्हान और राज्य के उत्तरी इलाकों के कई जिलों में सुबह के वक्त कुहासा छाया रहा, जिससे पर्यटन स्थलों पर पहुंचे सैलानियों को खासा परेशान होना पड़ा.

अधिकांश जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है. इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं. विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक झारखंड में ठंड का असर बना रहेगा और तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा. पलामू और आसपास के इलाकों तथा कोल्हान क्षेत्र के जिलों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.

जमशेदपुर और देवघर में घना कुहासा
तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया. हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और मेदिनीनगर में 5.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. मेदिनीनगर, जमशेदपुर और देवघर में घना कुहासा देखने को मिला. कोहरे का असर दृश्यता पर भी साफ दिखा. मेदिनीनगर में दृश्यता घटकर 300 मीटर तक पहुंच गई. वहीं जमशेदपुर और देवघर में दृश्यता करीब 600 मीटर रिकॉर्ड की गई. कई इलाकों में शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में औसतन एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री रहा.

राज्य के विभिन्न जिलों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा. गुमला 4.4 डिग्री, मेदिनीनगर 5.7 डिग्री, लोहरदगा 6.0 डिग्री, खूंटी 6.3 डिग्री, हजारीबाग 6.4 डिग्री, बोकारो 6.8 डिग्री, देवघर 7.8 डिग्री, रांची 7.9 डिग्री, लातेहार 8.3 डिग्री और कोडरमा 8.4 डिग्री.

हिमालय और तराई क्षेत्रों में हुई बर्फबारी
मौसम विभाग का कहना है कि हिमालय और तराई क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर झारखंड तक पहुंच रहा है. सर्द हवाओं के कारण ठंड का प्रभाव बढ़ा हुआ है और दिन के तापमान में गिरावट देखी जा रही है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी रांची समेत कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान घना कुहासा छाने की संभावना है. आगामी दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट आएगी. कुल मिलाकर ठंड से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ
झारखंड में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुई है. तापमान में मामूली उतार चढ़ाव के बावजूद शीतलहर और कुहासा आम जनजीवन और यातायात पर असर डाल रहा है. मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !