Jharkhand Crime News: हजारीबाग जिले के उरीमारी में हुई फायरिंग की घटना को लेकर अब एक बड़ा दावा सामने आया है. इस गोलीबारी की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने ली है. गैंग की ओर से बुधवार को सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस वारदात को अंजाम देने की बात कही गई है.
सोशल मीडिया पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उरीमारी में दशाई मांझी के घर पर हुई गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे खुद लेता है. गैंग की ओर से यह भी दावा किया गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा फोन कॉल को लगातार नजरअंदाज किए जाने के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया.
धमकी भरे शब्दों में दी चेतावनी
प्रेस विज्ञप्ति में धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा गया है कि यदि अब भी बात नहीं मानी गई तो अगली बार और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. गैंग ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर और खतरनाक कदम उठाए जा सकते हैं और हमले का तरीका और भी उग्र हो सकता है. साथ ही यह भी कहा गया है कि समय रहते कथित सिस्टम में शामिल होना ही सुरक्षित रास्ता है.
पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती
इस खुले तौर पर जिम्मेदारी लेने और धमकी भरी भाषा के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. सोशल मीडिया के माध्यम से जारी इस प्रेस विज्ञप्ति ने पुलिस और प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. अब जांच एजेंसियों की नजर इस दावे की सत्यता और गैंग की गतिविधियों पर टिकी हुई है.