Jharkhand News: मोरहाबादी मैदान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिना नाम लिए विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में परीक्षा होती है और पेपर नेपाल में लीक हो जाता है. यह पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा करने वाली स्थिति है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी और आगे भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होंगी.
विपक्ष पर सीधा हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधियों ने अपने कार्यकाल में न नौकरी दी और न ही रोजगार. सिर्फ बयानबाजी की. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने वाले समय में युवाओं के लिए कई नए रास्ते खोलेगी और अलग अलग चरणों में बहालियां होंगी. सीएम ने कहा कि राजस्व निरीक्षक, वेटनरी अफसर, शिक्षक, अंचल निरीक्षक, मेडिकल अफसर जैसी कई बहालियां की गईं. पोलिटेक्निक में पहली बार प्रिंसिपल की नियुक्ति भी इसी सरकार ने की. अब तक लाखों युवाओं को सरकारी व्यवस्था से जोड़ा गया है. इसी कड़ी में 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया.
कहने पर नहीं करने पर विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बातों में नहीं काम में विश्वास करती है. सफल अभ्यर्थियों से उन्होंने कहा कि आपने सिर्फ संघर्ष ही नहीं देखा बल्कि ऐसे षडयंत्र भी देखे जो कभी सोचे नहीं थे. युवाओं के भविष्य के साथ साजिश रचने की कोशिश हुई लेकिन सरकार डटी रही. सीएम ने कहा कि कुछ लोग क्यूआर कोड के जरिए कोर्ट कचहरी के नाम पर चंदा इकट्ठा कर रहे थे. यह बेहद निचले स्तर की राजनीति है. उन्होंने चेतावनी दी कि आगे ऐसा करने वालों को सीधे जेल जाना होगा.
झारखंड के साथ हो रहा है सौतेला व्यवहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बैंकों के साथ करार किया है. अगर किसी कर्मचारी की आकस्मिक मौत होती है तो उसके परिजनों को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे. यह सुविधा संविदा कर्मियों को भी मिलेगी. सरकार के लिए कर्मचारियों की सुरक्षा प्राथमिकता है. सीएम ने कहा कि झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है. हजारों करोड़ रुपये केंद्र के पास बकाया हैं. मनरेगा की राशि भी नहीं मिल रही है. पैसा देने के बजाय नाम बदलने और नई ब्रांडिंग में ताकत लगाई जा रही है.
झारखंड में शांति और विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए परीक्षा और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश होती है. उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में परीक्षाएं लाठी डंडे के साये में होती हैं और त्योहारों में उन्माद फैलाया जाता है. सीएम ने कहा कि झारखंड आज सुख शांति और अमन चैन के साथ आगे बढ़ रहा है. रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के गांवों को मजबूत किया जाएगा और किसी की गरीबी का मजाक नहीं उड़ने दिया जाएगा.
जेएसएससी के कर्मियों और एसीबी टीम की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में पदाधिकारी भारी दबाव में रहे. इसके बावजूद ईमानदारी से काम किया गया. उन्होंने जेएसएससी के कर्मियों और एसीबी टीम की सराहना की. कहा कि पारदर्शिता का ही नतीजा है कि आज युवाओं के चेहरे पर मुस्कान है.
सरकार दबाव और साजिशों के बावजूद अपने एजेंडे पर कायम
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह मंच से मुख्यमंत्री ने जहां अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं वहीं विपक्ष पर तीखे शब्दों में हमला किया. युवाओं, रोजगार और पारदर्शिता को केंद्र में रखकर सीएम ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकार दबाव और साजिशों के बावजूद अपने एजेंडे पर कायम है.