6.14 करोड़ की 54 योजनाओं का शिलान्यास
नगर विकास विभाग के मद से कुल 6 करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से होने वाली 54 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के तहत मानगो के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढांचे, सड़क और गलियों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
स्वच्छता के लिए 25 ऑटो टिपर रवाना
मानगो को कचरा मुक्त बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग के मद से 3 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से 25 नए ऑटो टिपर खरीदे गए हैं। दोनों जन प्रतिनिधियों ने इन गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक सरयू राय ने कहा कि यदि "डोर-टू-डोर" कचरा उठाव व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो गई, तो मानगो की सफाई व्यवस्था की तुलना टाटा स्टील के कमांड क्षेत्रों से की जा सकेगी।
आंदोलन से विकास तक का सफर
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने मानगो के बदलाव की कहानी साझा की। उन्होंने कहा पहले यह अधिसूचित क्षेत्र समिति थी, जहाँ फंड सीमित था। जनता के सहयोग और लंबे आंदोलन के बाद इसे नगर निगम बनाया गया, जिससे अब विकास के लिए अधिक फंड मिल रहा है।
फ्लाईओवर और एनएच 33
एनएच 33 पर बन रहे फ्लाई ओवर की स्वीकृति के लिए भी जनता के साथ मिलकर एनएचएआई कार्यालय तक लड़ाई लड़ी गई और कानूनी संघर्ष किया गया। मानगो में अलग बिजली सब-स्टेशन और कार्यपालक अभियंता कार्यालय खुलवाया गया ताकि लोगों को करनडीह न जाना पड़े। बालीगुमा पानी टंकी शुरू होते ही अगले मई-जून तक हर घर में पर्याप्त पानी पहुँचने लगेगा।
मानगो बनेगा आत्मनिर्भर
विधायक ने जोर देकर कहा कि उनकी प्राथमिकता मानगो को इतना विकसित बनाना है कि यहाँ के निवासियों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए साकची या बिष्टुपुर न जाना पड़े। उन्होंने पारदर्शिता और त्वरित समाधान के लिए जनता से व्हाट्सएप नंबर 8877537777 पर अपनी समस्याएं साझा करने का अनुरोध किया। इस कार्यक्रम में एनडीए के कार्यकर्ताओं और मानगो की जनता ने बड़ी संख्या में शिरकत की, जिन्हें विधायक ने इन सफलताओं का मुख्य श्रेय दिया।