Wes Bengal Election: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार शाम करीब 7:30 बजे कोलकाता पहुंचे. एयरपोर्ट से वह सीधे साल्ट लेक स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे जहां उनके स्वागत में ढोल नगाड़े बजाए गए. पार्टी मुख्यालय में अमित शाह के आगमन के साथ ही संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया.
तीन दिवसीय दौरा चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम
भाजपा के अनुसार अमित शाह का यह तीन दिवसीय दौरा विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. कोलकाता पहुंचते ही उन्होंने राज्य संगठन की स्थिति का जायजा लेने के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की. बैठक में जमीनी हालात, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठन की मजबूती
दौरे के दौरान अमित शाह अलग अलग स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. इन बैठकों में बूथ स्तर की तैयारियों, चुनावी समन्वय और संगठन की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ भी बंद कमरे में बैठक प्रस्तावित है जिसमें बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और समन्वय के मुद्दों पर चर्चा होगी.
विधायक, सांसद और पार्षदों के साथ बैठक
अमित शाह भाजपा के विधायकों, सांसदों और कोलकाता नगर निगम के पार्षदों के साथ भी बैठक करेंगे. इन बैठकों में खास तौर पर शहरी इलाकों की राजनीति और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होगी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस और सांस्कृतिक कार्यक्रम
30 दिसंबर को अमित शाह के कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की संभावना है जिसमें वह राज्य की राजनीति, विधानसभा चुनाव और केंद्र सरकार की नीतियों पर पार्टी का रुख स्पष्ट कर सकते हैं. 31 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री के किसी बंगाली महापुरुष या सांस्कृतिक प्रतीक से जुड़े स्थान पर जाने की संभावना भी जताई जा रही है.
साल के आखिरी दिनों में बंगाल में डेरा डालकर अमित शाह लगातार बैठकों और समीक्षाओं के माध्यम से पार्टी को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं. यह दौरा भाजपा के लिए शक्ति परीक्षण और चुनाव से पहले संगठन को तैयार करने का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.