WhatsApp Latest Update: मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप लगातार ऐसे फीचर्स ला रहा है, जो यूजर्स के लिए बातचीत को पहले से ज्यादा आसान और स्मार्ट बना रहे हैं. स्टिकर्स और आने वाले स्टेटस इमेज एडिटर के बाद अब कंपनी ने एक ऐसा फीचर पेश किया है, जो बड़े व्हाट्सएप ग्रुप्स की सबसे आम समस्या को दूर करेगा. यह नया फीचर अब IOS और एंड्रॉयड दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है.
क्या है कॉन्टैक्ट इंफो पेज फीचर
व्हाट्सएप के टेस्टिंग फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट Wabetainfo के अनुसार, इस नए अपडेट को कॉन्टैक्ट इंफो पेज फीचर कहा जा रहा है. इसे मेंबर टैग फीचर के रूप में भी समझा जा सकता है. बड़े ग्रुप्स में अक्सर यह स्पष्ट नहीं हो पाता कि कौन सदस्य किस भूमिका में है. इसी परेशानी को देखते हुए व्हाट्सएप ने यह सुविधा विकसित की है.
कैसे काम करेगा मेंबर टैग सिस्टम
इस फीचर के तहत ग्रुप में शामिल सदस्य अपने नाम के साथ एक कस्टम टैग जोड़ सकेंगे. यह टैग उनकी जिम्मेदारी या भूमिका को दर्शाएगा. जैसे ही कोई सदस्य ग्रुप में मैसेज करेगा, उसके नाम के साथ जुड़ा टैग सभी को दिखाई देगा. इससे सामने वाले को तुरंत समझ आ जाएगा कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति किस भूमिका में है.
ऑफिस और संस्थानों के लिए क्यों अहम
ऑफिस, स्कूल, कॉलेज, सोसायटी और कॉरपोरेट जैसे बड़े व्हाट्सएप ग्रुप्स में सही व्यक्ति की पहचान करना अक्सर मुश्किल होता है. नए फीचर से यह तय करना आसान हो जाएगा कि किसी खास विषय या समस्या के लिए किससे संपर्क करना है. इससे समय की बचत होगी और ग्रुप में संवाद ज्यादा व्यवस्थित बनेगा.
किन यूजर्स को मिला अपडेट
यह नया फीचर अब iOS वर्जन 25.37.74 और एंड्रॉयड दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. आईफोन यूजर्स ऐप स्टोर से और एंड्रॉयड यूजर्स प्ले स्टोर से व्हाट्सएप अपडेट कर इस सुविधा का उपयोग कर सकते हैं.