जानिए कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब अनाकापल्ली स्टेशन के करीब थी, तभी अचानक एक कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बगल के दूसरे कोच को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकते ही अपनी जान बचाने के लिए यात्री सामान छोड़कर नीचे कूदने लगे।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेलवे ने सावधानी बरतते हुए प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया ताकि आग बाकी डिब्बों तक न फैले।
फिलहाल मृतक यात्री की पहचान की कोशिश की जा रही है सुरक्षित यात्रियों के लिए पीने के पानी और भोजन की व्यवस्था की गई है।
जांच के आदेश
रेलवे ने इस गंभीर लापरवाही या हादसे की तह तक जाने के लिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।
रेलवे की अपील
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।