Seraikela News: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लेटेमदा में जंगली हाथी के हमले से एक दर्दनाक हादसा घटित हुई. लेटेमदा निवासी गौरंग महतो उर्फ बुका महतो की अहले सुबह के समय जंगली हाथी की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई.
इलाके में शोक की लहर
घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को फोन के माध्यम से अवगत कराया. सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मधुश्री महतो ने तुरंत वन विभाग चांडिल के रेंजर एवं फॉरेस्टर से संपर्क किया और नियम के अनुसार पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने तथा अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वन्यजीव हमलों से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने वन विभाग को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए हैं.