Jamshedpur: देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को जमशेदपुर के दौरे पर पहुंचेंगी. उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. इसी क्रम में शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो.
राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सोनारी एयरपोर्ट से लेकर बिष्टुपुर, करनडीह, दिशोम जाहेरथान और सर्किट हाउस से खरकई गोलचक्कर तक का मार्ग पूरी तरह नियंत्रित रहेगा. इस दौरान इन मार्गों पर आम लोगों के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा. यह ट्रैफिक व्यवस्था 29 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगी.
इस संबंध में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पियुष पांडेय और ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है. आदेश के अनुसार सुरक्षा कारणों से निर्धारित क्षेत्र में सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों जैसे ऑटो रिक्शा और बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा.
वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
प्रशासन द्वारा आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं. मानगो से सरायकेला, पोटका, चाईबासा और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन मैरिन ड्राइव होते हुए आदित्यपुर-गम्हरिया मार्ग का उपयोग कर सकते हैं.
पोटका, हाता और ओडिशा की ओर से मानगो बस स्टैंड आने वाले वाहन सरायकेला, कांड्रा, गम्हरिया और मैरिन ड्राइव होते हुए सीतारामडेरा बस स्टैंड एवं मानगो पुल तक पहुंच सकेंगे.
कदमा, बिष्टुपुर, साकची और मानगो से टाटानगर रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री आरडी टाटा गोलचक्कर, सुनसुनिया गेट, बर्मामाइंस गोलचक्कर, टीआरएफ मोड़ और स्टार टॉकीज होते हुए स्टेशन जा सकेंगे.
आपात स्थिति के लिए विशेष रूट
आपात सेवाओं के लिए सुंदरनगर और करनडीह से साकची आने वाले वाहनों को एलबीएसएम कॉलेज, घाघीडीह जेल, लाल बिल्डिंग चौक, डीबी चौक, बाटा चौक, जुगसलाई फाटक चौक और जुगसलाई गोलचक्कर के रास्ते आने की अनुमति दी गई है.
मानगो और साकची से घाटशिला एवं मुसाबानी जाने वाले वाहन डिमना मार्ग का प्रयोग करेंगे.
मालवाहक वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए 29 दिसंबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में ट्रक, ट्रेलर और डंपर समेत सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का संचालन केवल प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में ही किया जाएगा.