Jamshedpur: जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयु राय, विधायक पूर्णिमा साहू सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
समापन समारोह की शुरुआत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। सांसद, विधायकों एवं भाजपा नेताओं ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। इसके पश्चात योग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक एवं अनुशासित योग प्रदर्शन ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
10,000 से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता रही
बता दें कि सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत 24 सितंबर को की गई थी, जो लगभग तीन माह से अधिक समय तक चला। इस दौरान जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से हजारों खिलाड़ियों ने पंजीकरण कर अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस महोत्सव में 10,000 से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता रही, जो इसकी ऐतिहासिक सफलता को दर्शाता है।
खेल महोत्सव के अंतर्गत 10 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन के माध्यम से गांवों में छुपी खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिला और कई उभरते हुए खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरकर सामने आई।
सांसद और विधायक ने व्यक्त किया आभार
मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक सरयु राय ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप गांव-गांव में छुपी प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।
समापन समारोह खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का प्रतीक बनकर जमशेदपुर में खेल संस्कृति को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।