Jamshedpur News: टेल्को थाना अंतर्गत जेम्को मनीफीट के पास सोमवार को सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पाया गया। मृतक की पहचान टूईलाडुंगरी निवासी जसपाल सिंह गोगी के रुप में की गई।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और जसपाल को तत्काल टिनप्लेट अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जसपाल के बड़े भाई ने बताया कि मनीफिट में उनका एक मकान है जहां माधवी दत्ता नामक महिला अपने बेटे के साथ किराए पर रहती है। परिजनों के अनुसार माधवी चार सालों से घर पर कब्जा जमाए है और किराया भी नहीं देती है। जसपाल आज गुरुद्वारा में लंगर खाकर माधवी से किराया लेने के लिए गया था। दोपहर 2.30 बजे फोन कर किसी ने बताया कि जसपाल सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। जसपाल को जब अस्पताल लेकर पहुंचे तो उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनो ने किराएदार माधवी पर आरोप लगाया कि उसने जसपाल के साथ मारपीट की है और जब जसपाल की मौत हो गई तो उसके शव को बेटे की मदद से घर से बाहर निकाल दिया। परिजनों ने बताया कि जसपाल किराया उठाकर ही जीवन यापन करता था। जिस घर में माधवी रहती है वहां आठ कमरे है। माधवी की वजह से ही उस घर में किराएदार नहीं टिकते है। किराया नहीं देने को लेकर पूर्व में टेल्को थाना में मामला पहुंचा था। कुछ दिनों तक माधवी ने किराया दिया पर बाद में किराया देना बंद कर दिया था। आगामी 15 जनवरी को जसपाल घर में मरम्मत करवाने वाला था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।