Jamshedpur: शहर के व्यस्ततम इलाके साकची में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आमबागान स्थित सना कॉम्प्लेक्स की एक निजी लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रही युवतियों पर एक युवक ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ाई के दौरान अचानक हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सना कॉम्प्लेक्स की लाइब्रेरी में रोजाना की तरह छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई में व्यस्त थे। इसी दौरान एक युवक लाइब्रेरी में घुसा और वहां पढ़ रही एक युवती के सिर पर स्टील की पानी की बोतल से जोरदार प्रहार कर दिया। हमला इतना जबरदस्त था कि युवती का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी।
दूसरी युवती के साथ भी मारपीट
इतने पर भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। कमरे के अंदर हमला करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, उसने वहां मौजूद एक अन्य युवती के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से कॉम्प्लेक्स में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोचा
लड़की की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और अन्य छात्र मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे आरोपी युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। घटना की सूचना तुरंत साकची थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले गई।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
घायल युवती को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर आए गहरे जख्मों को देखते हुए टांके लगाए हैं। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। साकची थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी और युवतियों के बीच क्या पहले से कोई विवाद था या यह घटना किसी सनक का परिणाम है।