जमशेदपुर के विकास और सांगठनिक विषयों पर चर्चा
मुलाकात के दौरान नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसद बिद्युत बरण महतो का कुशलक्षेम पूछा और जमशेदपुर की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। बातचीत के क्रम में नितिन नवीन ने जमशेदपुर से जुड़ी अपनी पुरानी यादों और शहर की विशिष्टताओं को साझा किया।
जमशेदपुर आगमन का मिला निमंत्रण
सांसद बिद्युत बरण महतो ने नितिन नवीन को जमशेदपुर आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। सांसद ने कहा कि जमशेदपुर की जनता और कार्यकर्ता उनके मार्गदर्शन के लिए उत्साहित हैं। इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए नितिन नवीन ने आश्वासन दिया कि वे आने वाले समय में संगठन के कार्यों और कार्यकर्ताओं से संवाद करने हेतु जमशेदपुर का प्रवास अवश्य करेंगे।
मुलाकात में अन्य सांसद भी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में बिद्युत बरण महतो के साथ गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो भी उपस्थित थे। सभी सांसदों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का अभिनंदन किया और अपने-अपने क्षेत्रों के राजनीतिक परिदृश्य पर संक्षिप्त चर्चा की।
आगामी सांगठनिक मजबूती का संकेत
यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि नितिन नवीन के नए पदभार ग्रहण करने के बाद झारखंड और बंगाल के सांसदों की यह सक्रियता आगामी सांगठनिक मजबूती का संकेत देती है।