Jamshedpur News: जमशेदपुर के पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में 12वें वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव “एक्सप्लोर 2025” शुभारंभ हुआ. छात्रों के बढ़ते उत्साह और सहभागिता को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष एक्सप्लोर को 3 दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया है, जो 18 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा. पूरे वर्ष विद्यार्थियों को इस महोत्सव का बेसब्री से इंतज़ार रहता है, क्योंकि यह मंच उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और कुछ नया सीखने का अवसर प्रदान करता है.
कार्यक्रम का शुभारंभ एक शानदार फ्लैश मॉब के साथ हुआ, जिसने अपने ऊर्जावान और धमाकेदार प्रदर्शन से पूरे माहौल को रोमांच से भर दिया. बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर थिरकते कदमों ने दर्शकों का दिल जीत लिया. इसके पश्चात पी.ई.एफ.आई., पूर्वी सिंहभूम की टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.
इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह और अन्य सम्मानित अतिथियों के रूप में प्रशासनिक विभाग के अनुष्ठाता नाजिम खान, शैक्षणिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम, आईटी विभाग के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. रंजन मिश्रा, शोध विभाग के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, कला एवं मानविकी विभाग के अधिष्ठाता एस. खान, सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे. माननीय अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया. इसके बाद विश्वविद्यालय की छात्राओं ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
कलात्मक कौशल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक- मदनमोहन सिंह
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह ने कहा 2025 केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि छात्रों में नवाचार, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है. कला के विभिन्न आयाम व्यक्ति के रचनात्मकता को विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विद्यार्थी जीवन में रहते हुए विद्यार्थियों को चाहिए कि वो अपनी शिक्षा के साथ साथ अपने कला कौशल के विकास के लिए भी प्रयास करें.
एक्सप्लोर 2025 में इस वर्ष प्रतिभागियों की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. इस बार 8000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर एक्सपोलर के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया. एस.पी. इंटर कॉलेज, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, इकरा अकादमी, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, बाल्डविन फार्म एरिस हाई स्कूल, ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वूमेन, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, करीम सिटी कॉलेज, राजेंद्र इंटर कॉलेज, जामशेदपुर वर्कर्स कॉलेज, लिटिल हार्वर्ड स्कूल, विवेक विद्यालय, सनराइज पब्लिक स्कूल एवं अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित अनेक विद्यालयों और कॉलेजों से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
पूरे परिसर में प्रतिभागियों की चहल-पहल देखने को मिली, जहाँ ग्रुप डांस, हैश कोड, क्यू फिएस्टा, बी फिएस्टा जैसी कई प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केंद्र रहीं. पहले दिन की गतिविधियों को देखते हुए यह साफ़ झलकता है कि एक्सपोलर 2025 के तीनों दिन बेहद रोमांचक होने वाले हैं. छात्रों और छात्राओं में जबरदस्त हर्ष-उल्लास और उत्साह देखने को मिल रहा है. एक्सपोलर 2025 का यह उत्सव अभी जारी है. आगामी दो दिनों में और भी रोमांचक प्रस्तुतियाँ देखने को मिलेंगी.