West Singbhum: पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटरोबेरा-पोखना मार्ग के बीच जंगल से बरामद अज्ञात युवक के शव मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है।
विशेष टीम का गठन
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चक्रधरपुर (सीकेपी) अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान और लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाई गई।
मृतक की पहचान व गिरफ्तारी
पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त कर मृतक की पहचान करीनाथ लुगुन के रूप में की गई, जो गोइलकेरा थाना क्षेत्र के साटो सालुखा गांव का निवासी था। जांच में खुलासा हुआ कि आपसी विवाद के कारण तीन युवकों ने मिलकर करीनाथ लुगुन की हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने गोमिया होनहागा, सिधियन लुगुन और पोलुस मानकी को गिरफ्तार किया है, जो तीनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।
जांच आगे जारी
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो लोहे की दावली और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच में जुटी हुई है।