Jharkhand News: प्रवर्तन निदेशालय ने MAXIZONE चिटफंड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. ईडी ने चंद्रभूषण सिंह को पूछताछ के लिए पांच दिनों की रिमांड पर भी लिया है. इससे पहले दोनों पति पत्नी पुलिस की गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद थे.
300 करोड़ के निवेश के दस्तावेज मिले
ईडी की जांच के दौरान चार दिसंबर 2025 को MAXIZONE से जुड़े ठिकानों पर दूसरे चरण की छापामारी की गई थी. इस छापेमारी में चंद्रभूषण सिंह द्वारा करीब 300 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए गए थे. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए ईडी ने दोनों को हिरासत में लिया.
बताया गया है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से दोनों बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद थे. ईडी ने अब मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में इन्हें अपनी कस्टडी में लिया है.
जांच एजेंसी के अनुसार आरोप है कि चंद्रभूषण सिंह और प्रियंका सिंह ने कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों से करीब 500 से 600 करोड़ रुपये की ठगी की. इस ठगी के लिए झारखंड बिहार उत्तर प्रदेश राजस्थान और कर्नाटक में MAXIZONE के कार्यालय खोले गए थे. ठगी के बाद दोनों फरार हो गए थे.
चंद्रभूषण ने बदल लिया था अपना नाम
फरारी के दौरान चंद्रभूषण सिंह ने अपना नाम बदलकर दीपक सिंह कर लिया था. जमशेदपुर में MAXIZONE के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की थी.
दूसरे चरण की छापामारी के बाद ईडी ने चंद्रभूषण सिंह को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में आवेदन दिया था. सुनवाई के बाद कोर्ट ने पूछताछ के लिए पांच दिनों की रिमांड मंजूर कर ली.