Jamshedpur: उपायुक्त के निर्देशानुसार, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने बुधवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
अतिक्रमण की शिकायतें दर्ज कराईं
विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी शिकायतें और जनहित से संबंधित मांगपत्र समर्पित किए। जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान, नागरिकों ने मुख्य रूप से विस्थापित समस्या, रेलवे लाइन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के संबंध में आपत्ति, जमीन विवाद, राशन एवं पेंशन से जुड़ी दिक्कतें, घरेलू विवाद और अतिक्रमण की शिकायतें दर्ज कराईं।
पदाधिकारियों को अग्रसारित किया
उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित किया।
आम जनता को सहूलियत मिल सके
डीडीसी पासवान ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निवारण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान, उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जन शिकायत निवारण प्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए कार्य करें ताकि आम जनता को सहूलियत मिल सके।