Adityapur News: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जेके एशियोकास्ट कंपनी (जी1 प्लांट) में थ्रेडिंग संविदा के तहत कार्यरत मजदूरों को अचानक नौकरी से निकाल दिया गया है, जिससे उनके बीच भारी असंतोष फैल गया है. प्रभावित मजदूर जेएलकेएम पार्टी के पास पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई है.
मजदूरों का आरोप है कि वे पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से ईमानदारी से काम कर रहे थे, लेकिन कंपनी बंद होने के बावजूद उन्हें न तो पूर्व सूचना दी गई और न ही कानूनी प्रावधानों के अनुसार सेटलमेंट किया गया. हेल्पर, ऑपरेटर सहित अन्य श्रेणी के कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाया है.
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ग्रेच्युटी, पीएफ, बोनस और अन्य वैधानिक देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. मजदूरों ने बताया कि कंपनी के इस कदम से उनके बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और भविष्य की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं.
जेएलकेएम पार्टी के प्रतिनिधियों ने मजदूरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पार्टी ने आश्वासन दिया है कि मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
हड़ताल में शामिल मजदूरों की संख्या लगभग 50-60 है और बकाया वेतन व अन्य देयकों की अनुमानित राशि ₹50 लाख से अधिक है. कंपनी का प्लांट बंद है और प्रबंधन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नही किया हैं.