Saraikela: सरायकेला के कपाली क्षेत्र के गौसनगर शाही कॉलोनी, रोड नंबर-9 में सोमवार देर रात चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल हो गया. घटना तड़के लगभग 3 बजे की बताई जा रही है, जब अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक घर को निशाना बनाया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर घर की चारदीवारी फांदकर भीतर दाखिल हुए. उस समय घर के अधिकांश सदस्य चांडिल स्थित कीटाडीह उरुस (दरगाह) में शामिल होने गए हुए थे. घर में केवल अख्तर अली मौजूद थे, जो सो रहे थे.
अख्तर अली को रस्सी से बांधकर की चोरी
अख्तर अली ने बताया कि रात के करीब 12 बजे के बाद उन्हें आसपास कुछ हलचल महसूस हुई थी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर अनदेखा कर दिया. बाद में जब आवाजें लगातार आने लगीं तो उन्हें शक हुआ और वह बाहर निकले. इसी दौरान घर के अंदर छिपे चोरों ने उन्हें दबोच लिया और रस्सी से बांध दिया. चोरों ने चाकू दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और किसी तरह का विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी.
डर के कारण अख्तर अली बेबस हो गए और विरोध नहीं कर सके. इसके बाद चोरों ने घर की अलमारी और अन्य जगहों से गहने व कीमती सामान समेटा और मौके से फरार हो गए.
परिजनों को घटना की सूचना दी.
सुबह होने पर अख्तर अली किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त करने में सफल रहे और तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घर लौटे, जहां उन्होंने घर का सामान अस्त-व्यस्त पाया. अलमारी से गहने और अन्य कीमती वस्तुएं गायब थीं.
पीड़ित परिवार ने एक स्थानीय युवक पर संदेह जताया है. उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले वही युवक रात के समय कई बार घर का ताला तोड़ने की कोशिश करता हुआ देखा गया था. पूछताछ करने पर वह वहां से फरार हो गया था, जिसके बाद से परिवार को उसी पर शक है.
50 हजार रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान चोरी
परिवार के अनुसार चोरी में लगभग 50 हजार रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान चोरी हुए हैं. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है.