Jharkhand: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2026 की माध्यमिक (मैट्रिक) और उच्च माध्यमिक (इंटरमीडिएट) परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया को लेकर छात्रों और स्कूलों को बड़ी राहत दी है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों का परमानेंट एजुकेशन नंबर (PEN) अभी तक तैयार नहीं हो सका है, वह भी परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
दरअसल PEN नंबर जारी होने में हो रही देरी के कारण कई छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी आ रही थी। इस समस्या को देखते हुए JAC ने फिलहाल परीक्षा फॉर्म में PEN नंबर दर्ज करने की अनिवार्यता को अस्थायी रूप से हटा दिया है। ऐसे विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर एक टेंपरेरी प्री-फिक्स्ड विकल्प दिया गया है, जिसके माध्यम से आवेदन पूरा किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्र 2026 की परीक्षा से वंचित न रह जाए।
यह निर्णय तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। परिषद ने सभी स्कूलों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वह जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
आगे चलकर PEN नंबर जरूरी होगा
JAC ने यह भी साफ किया है कि भविष्य में PEN नंबर अनिवार्य रहेगा। जिन छात्रों का PEN अभी तक नहीं बना है, उनका नंबर संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी के सहयोग से अनिवार्य रूप से तैयार कराया जाएगा।
इसके साथ ही परिषद ने यह भी चेतावनी दी है कि सभी छात्रों के परीक्षा आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर भरवाना संस्थानों की जिम्मेदारी होगी। तय तिथि के बाद किसी भी छूटे हुए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, जिसकी पूरी जवाबदेही स्कूल प्रबंधन की होगी।
क्या है PEN नंबर
PEN (परमानेंट एजुकेशन नंबर) छात्रों की एक स्थायी डिजिटल पहचान है। इसमें छात्र का नाम, माता-पिता का विवरण, आधार नंबर, बैंक संबंधी जानकारी सहित शिक्षा से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड दर्ज रहता है। यह नंबर यू-डायस प्लस पोर्टल के माध्यम से स्कूलों द्वारा बनाया जाता है। इसका मकसद फर्जीवाड़े पर रोक लगाना और आगे कॉलेज में नामांकन तथा नौकरी की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
धनबाद जिले की परीक्षा व्यवस्था
धनबाद जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए कुल 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 32,106 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा 81 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 25,450 विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें कला संकाय के 17,484, वाणिज्य संकाय के 2,316 और विज्ञान संकाय के 5,650 छात्र शामिल हैं।