Jharkhand News: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रांची मेदिनीनगर राष्ट्रीय उच्च पथ-75 पर देवनद पुल के पास एक ट्रेलर पलट गया. यह ट्रेलर डाल्टनगंज की ओर से रांची की तरफ जा रहा था. दुर्घटना के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो सामने आया कि यह सिर्फ सड़क हादसा नहीं, बल्कि अवैध शराब तस्करी का मामला है.
ट्रेलर पर ऊपर से लदी हुई थीं व्हाइट सीमेंट की बोरियां
ट्रेलर पर ऊपर से व्हाइट सीमेंट की बोरियां लदी हुई थीं. लेकिन जब वाहन पलटा, तो बोरियों के नीचे अंग्रेजी शराब की बोतलों से भरे कार्टून छिपाकर रखे जाने का खुलासा हुआ. इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए. हादसे के तुरंत बाद चालक और उप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को पहले ही सूचना मिली थी कि संबंधित ट्रेलर में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है. इसी आधार पर पुलिस ट्रेलर का पीछा कर रही थी. खुद को बचाने के प्रयास में चालक ने तेज रफ्तार में वाहन भगाया, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
ट्रेलर पलटते ही अवैध शराब के इस नेटवर्क की पोल खुल गई. शराब से भरे कार्टून दिखाई देने की खबर कुछ ही देर में आसपास के इलाकों में फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग मौके से शराब की बोतलों से भरे कार्टून उठाकर भागते भी नजर आए. हालांकि कुछ ही देर में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला.
मामले की जांच शुरू कर दी गई है
पुलिस ने ट्रेलर से बरामद अंग्रेजी शराब को जब्त कर थाना भेज दिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक तथा उप चालक की तलाश की जा रही है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसका गंतव्य क्या था.
तस्कर अब सामान छिपाने के लिए नए तरीके अपना रहे
यह घटना झारखंड में अवैध शराब तस्करी के बढ़ते नेटवर्क की ओर इशारा करती है. तस्कर अब सामान छिपाने के लिए नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से ऐसे मामलों का खुलासा हो रहा है. सवाल यह भी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब किसके संरक्षण में एक जिले से दूसरे जिले तक पहुंचाई जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं.