Jamshedpur: परसुडीह मुख्य सड़क मकदुमपुर फाटक के समीप पुलिया निर्माण कार्य अचानक शुरू कर करने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। बिना किसी पूर्व सूचना के सड़क पर गहरा गड्ढा खोद देने से क्षेत्र में नाराजगी फैल गई है.
जाम में तब्दील हुई मुख्य सड़क
सड़क पर गड्ढा खोदे जाने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और राहगीरों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले किसी भी तरह के वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई।
रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित
यह मार्ग परसुडीह सहित आसपास के इलाकों का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन लगभग 50 हजार से अधिक लोग गुजरते हैं. अचानक रास्ता बंद हो जाने से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
स्कूली बच्चों पर सबसे ज्यादा असर
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्था का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। बच्चों के स्कूल पहुंचने और वापस लौटने में भारी दिक्कत हो रही है, जिससे अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
खुदाई के दौरान टूटी पानी की पाइपलाइन
शनिवार रात करीब आठ बजे गड्ढा खोदने के दौरान पानी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद मकदुमपुर और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को सुव्यवस्थित तरीके से कराया जाए या तुरंत वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। जानकारी के अनुसार यह पुलिया जिला परिषद् निधि से बनाई जा रही है, लेकिन कार्य की योजना और प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।