Bihar: बिहार मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की तरफ से जारी एक अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवगठित सिविल विमानन विभाग की जिम्मेदारी अपने पास रखी है. मंत्रिमंडल विस्तार और पुनर्गठन के तहत कई मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया गया है. साथ ही उच्च शिक्षा विभाग और युवा, रोजगार- कौशल विकास विभाग जैसे नए विभाग भी बनाए गए हैं.
इनको मंत्रियों को मिला ये विभाग
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को नवगठित उच्च शिक्षा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे पहले से शिक्षा और विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विभाग संभाल रहे थे. उच्च शिक्षा विभाग के गठन से विश्वविद्यालय, कॉलेज और तकनीकी संस्थानों से जुड़े फैसलों में तेजी आने की उम्मीद है. वहीं, श्रम संसाधन और प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री संजय टाइगर को अब युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का दायित्व भी सौंपा गया है.
मंत्री सुरेंद्र मेहता को डेयरी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया गया है. अब वे पर्यटन के अलावा कला और संस्कृति विभाग भी देखेंगे. पहले उनके पास कला, संस्कृति के साथ युवा विभाग की जिम्मेदारी थी, जिसे अब युवा, रोजगार और कौशल विकास विभाग के साथ जोड़ दिया गया है. मंत्री सुरेंद्र मेहता को डेयरी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे पहले से मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग संभाल रहे थे.