Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-11

Jharkhand News: दिल्ली में ACB का तड़के छापा, विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह फरार, बेटे से पूछताछ

Jharkhand News: झारखंड में भूमि घोटाले से जुड़ी जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने दिल्ली में तड़के कार्रवाई की. टीम ने सुबह चार बजे वसंत विहार स्थित भारत सरकार के एक संयुक्त सचिव स्तर के आवास पर छापा मारा. यह वही ठिकाना है जहां विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह के छिपे होने की जानकारी मिली थी. हालांकि स्निग्धा सिंह कुछ ही मिनट पहले वहां से निकल चुकी थीं, जिसके कारण एसीबी उन्हें पकड़ नहीं सकी.

सनत सिंह को लिया गया हिरासत में
छापेमारी के दौरान एसीबी ने स्निग्धा सिंह के बेटे सनत सिंह को हिरासत में लिया है. उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. एसीबी के अनुसार, पूछताछ में सनत ने विनय चौबे, विनय सिंह और अपनी मां स्निग्धा सिंह की चल और अचल संपत्तियों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं.

कई दिनों से स्निग्धा सिंह की लोकेशन ट्रैक कर रही थी ACB
सूत्रों का कहना है कि एसीबी की तकनीकी टीम कई दिनों से स्निग्धा सिंह की लोकेशन ट्रैक कर रही थी. डिजिटल निगरानी के दौरान यह पता चला कि वह दिल्ली के वसंत विहार स्थित सरकारी आवास में मौजूद थीं. इसी आधार पर टीम को दिल्ली भेजा गया और कार्रवाई को अंजाम दिया गया.

डिजिटल उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान घर से कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं. इनकी जांच की जा रही है. एसीबी को इस तलाशी में वसंत विहार में खरीदी गई एक नई संपत्ति की जानकारी मिली है. यह C-24 नंबर की संपत्ति बताई जा रही है. जांच एजेंसी को आशंका है कि इसे बेनामी निवेश और गैरकानूनी कामों को छिपाने के लिए इस्तेमाल किया गया है.

एसीबी अधिकारियों की मानें तो बरामद डिजिटल डिवाइस आने वाले दिनों में कई खुलासे कर सकते हैं. इनसे भूमि घोटाले और मनी लांड्रिंग की लेयरिंग का पता लग सकता है. साथ ही शराब घोटाले की रकम किस चैनल के जरिए कहां लगाई गई, इसकी जानकारी भी मिल सकती है.

बेटे से मिली जानकारी से नई संपत्तियों का खुलासा
एसीबी की यह छापेमारी जांच की दिशा बदलने वाली साबित हो सकती है. लंबे समय से फरार चल रहीं स्निग्धा सिंह की तलाश में मिली यह लोकेशन जांच एजेंसी के लिए बड़ा सुराग है. बेटे से मिली जानकारी, नई संपत्तियों का खुलासा और डिजिटल सबूत आने वाले दिनों में इस पूरे मामले को और गहराई तक ले जा सकते हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !