Jamshedpur: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत नामदा बस्ती में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ धरदबोचा। यह कार्रवाई 9 दिसंबर की शाम विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई।
21 पुड़िया ब्राउन शुगर समेत एक युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक की पहचान 28 वर्षीय शुभम सिंह के रूप में हुई है, जो नामदा बस्ती का ही निवासी बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उसके पास से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर, कुल करीब 3 ग्राम, 500 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि नामदा बस्ती इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री का धंधा तेजी से चल रहा है। जानकारी की पुष्टि होने पर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया और तुरंत छापेमारी की योजना बनाई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जब पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो आरोपी शुभम सिंह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पहले से तैनात टीमों की सतर्कता के कारण उसे थोड़ी ही दूरी पर पकड़ लिया गया। बाद में की गई तलाशी में उसके पास से नशे की पुड़िया और अन्य सामान बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने कई अहम जानकारियां भी साझा की हैं, जिनके आधार पर नशे के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी शुभम सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है, वहीं पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।