Giridih: गिरिडीह के मुफ़्फ़सील थाना क्षेत्र के बिरसा चौक स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे चोरी करने का मामला सामने आया, जहां स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक युवक रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
शक होने पर वे तुरंत पहले एटीएम की ओर लौटे
जानकारी के अनुसार, पटेल नगर निवासी उमाकांत वाजपेई पैसे निकालने के लिए बिरसा चौक स्थित एसबीआई एटीएम पहुंचे। एटीएम में कार्ड डालने के बाद भी राशि की निकासी नहीं हुई, जिसके बाद वे पास में स्थित दूसरे एसबीआई एटीएम की ओर बढ़ गए। जैसे ही वे अंदर पहुंचे, उनके मोबाइल पर पैसे निकासी का मैसेज आया। शक होने पर वे तुरंत पहले एटीएम की ओर लौटे।
तीन साथी मौके से भाग निकले
वहां पहुंचते ही उन्होंने देखा कि एक युवक उनके निकाले हुए 10,000 रुपये लेकर भागने की कोशिश कर रहा है। उमाकांत वाजपेई के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने भाग रहे युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में बताया कि वह चार सदस्यीय गिरोह का हिस्सा है और उसके तीन साथी मौके से भाग निकले।
मौके की जांच में पता चला कि आरोपियों ने एटीएम मशीन के कैश आउटलेट पर सेलोटेप लगाकर उसमें फंसे पैसे निकालने की तरकीब अपनाई थी और ग्राहक के जाने का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान उमाकांत वाजपेई के पैसे फंसाने की कोशिश की गई।
तुरंत सूचना देने की अपील
स्थानीय लोगों की तत्परता और उमाकांत वाजपेई की सूझबूझ से चोरी करने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने लोगों से एटीएम से पैसे निकालते समय सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।