Jamshedpur Bistupur Crime : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह में पारिवारिक विवाद अब कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगा है. स्थानीय निवासी सरफराज खान ने अपने छोटे भाई सैफ अली खान पर कार का शीशा तोड़ने और पूर्व में अपनी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है. सरफराज ने बताया कि सैफ आपराधिक प्रवृत्ति का है और पूर्व में हथियार रखने के मामले में जेल जा चुका है. कुछ महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया है.
सरफराज और उनकी सास ने बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर रणजीत कुमार यादव पर ₹5000 लेकर सैफ अली पर कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है. सरफराज का कहना है कि शिकायत लेकर जाने पर अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मामले को गंभीरता से नहीं लिया.
न्यूज़ 26 इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता
पीड़ित ने कई वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा की हैं, जिनमें उनका भाई सैफ अली खान कुल्हाड़ी हाथ में लेकर कार में घूमते और उसे लहराते हुए दिखाई दे रहा है. हालांकि न्यूज़ 26 इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है. इसके अलावा सरफराज ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं, जिनमें बीती रात हुई तोड़फोड़ साफ देखी जा सकती है.
सबसे गंभीर आरोप यह है कि इतनी बड़ी घटना और उपलब्ध वीडियो-फुटेज के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
परिवार का आरोप है कि पुलिस मामले को जानबूझकर दबा रही है और कार्रवाई से बच रही है, जिससे उनका परिवार लगातार भय और असुरक्षा में जी रहा है. वहीं, इस पूरे मामले पर बिष्टुपुर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.