Palamu Crime News: पलामू पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है. सेमरटांड उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 69 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई है. यह जानकारी डीएसपी राजीव रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
डीएसपी ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ युवक ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री कर रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद डीएसपी और चैनपुर सदर अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम ने विद्यालय के समीप खाली मैदान के पास छापामारी की. पुलिस को देखते ही तीन युवक भागने लगे लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.
पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान बादल कुमार, हर्षित राज और मनीष कुमार के रूप में बताई. तीनों सेमरटांड के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार इनके अन्य तीन साथी मौके से फरार हो गए.
तलाशी के दौरान युवकों के पास से 69 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई जिसका वजन करीब 29.24 ग्राम है. इसके अलावा 4400 रुपये नकद भी मिला है. पुलिस ने तीनों युवकों को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मनीष कुमार का आपराधिक इतिहास भी है और उस पर शहर थाना में पहले से मामला दर्ज है. बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है.
यह मामला पलामू में नशे के फैले नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है. जिस इलाके में स्कूल के पास ही ब्राउन शुगर का सौदा हो रहा था, वह स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और सामाजिक वातावरण दोनों के लिए खतरे का संकेत है. गिरफ्तार युवकों की उम्र और आपराधिक पृष्ठभूमि बताती है कि नशे का कारोबार संगठित तरीके से बढ़ रहा है और इसमें स्थानीय गिरोहों की भूमिका भी नजर आती है. पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण है लेकिन फरार साथियों तक पहुंचना और सप्लाई चेन को तोड़ना आने वाले दिनों में बड़ी चुनौती बना रहेगा.